जिला स्तरीय क्विज़ प्रतियोगिता नालंदा कॉलेज में संपन्न

रेड रिबन क्लब, नालंदा कॉलेज के द्वारा जिला स्तरीय क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह क्विज़ प्रतियोगिता पूरे देश में राष्ट्रीय एडस नियंत्रण समिति के दिशानिर्देश पर कराया जा रहा है जिसका बिहार में आयोजन बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग के बिहार राज्य एडस नियंत्रण समिति के तत्वावधान में किया जा रहा है। क्विज का आयोजन जिला नोडल पदाधिकारी डॉ बिनीत लाल के नेतृत्व में नालंदा कॉलेज में संपन्न हुआ।

पाँच दौर तक चले क्विज़ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर किसान कॉलेज के प्रतीक राज एवं शिवम कुमार आकर प्रमंडल स्तर पर अपना स्थान सुनिश्चित किया तो वहीं टाईब्रेकर दौर के बाद नालंदा कॉलेज के जीवन कुमार तथा विवेक कुमार की टीम दूसरे स्थान जबकि नालंदा महिला कॉलेज की रुखसार प्रवीण एवं काजल कुमारी की टीम तीसरे स्थान पर रही। प्रमंडल स्तर की क्विज़ प्रतियोगिता पटना में 21 अक्टुबर को आयोजित होगी।

प्रतियोगिता के बारे में बताते हुए जिला नोडल पदाधिकारी डॉ बिनीत लाल ने कहा की इसमें सभी छात्र कॉलेज में संपन्न हुए महाविद्यालय स्तर पर क्विज़ प्रतियोगिता के बाद चयनित होकर आये हैं। सभी ने बेहतरीन प्रदर्शन देने की कोशिश की और प्रतियोगिता से काफी कुछ सीखकर गए। उन्होंने कहा की इसका मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ,एड्स से बचाव, रक्तदान प्रोत्साहन ,टीवी उन्मूलन के साथ साथ युवाओं को समसामयिक विषयों पर जागरूक कराने का था। प्राचार्य डॉ राम कृष्ण परमहंस ने क्विज़ से पहले सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा की स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता सभी किशोरों के लिए मूल मंत्र होना चाहिए और यह प्रतियोगिता निश्चित रूप से सभी को प्रेरित करेगी।

See also  T20 वर्ल्ड के बीच में इस खिलाड़ी ने किया खुलासा, अचानक छोड़ी टीम की कप्तानी

क्विज़ को संचालित करने के लिए पटना से क्विज़ मास्टर के रूप में असीम कुमार एवं अरुण कुमार आये थे जिन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त किया। प्रतियोगिता में जज के रूप में किसान कॉलेज के नोडल पदाधिकारी डॉ अनुज कुमार सिंह, राजगीर डिग्री कॉलेज की डॉ कामना, नालंदा कॉलेज के डॉ शाहिदुर् रहमान एवं नालंदा महिला कॉलेज से डॉ वर्षा रहीं। नालंदा कॉलेज शिक्षक संघ के सचिव डॉ रतनेश अमन एवं राजनीति विज्ञान विभाग के डॉ श्रवण कुमार ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। क्विज़ में कुल 6 कॉलेज की टीमों ने हिस्सा लिया।

प्रथम तीन के अलावे नालंदा उद्यान महाविद्यालय से निशु कुमारी एवं कुणाल गौतम, सरदार पटेल कॉलेज से ज्योतिष कुमार, स्वीटी कुमारी एवं राजगीर डिग्री कॉलेज से ऋत्विक आर्यन एवं सूरज कुमार ने हिस्सा लिया। नालंदा कॉलेज रेड रिबन क्लब के ब्रांड अंबासडर आदित्य रंजन को पूरे सत्र में सक्रियता के लिए सम्मानित किया गया। विजेताओं एवं सभी प्रतोभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। दर्शक के रूप में बैठे छात्रों से सवाल किये गए एवं पुरस्कार दिये गए।

Leave a Comment