छठ घाटों पर आवश्यक तैयारी एवं विधि व्यवस्था को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की बैठक

लोक आस्था का महापर्व छठ के अवसर पर घाटों पर आवश्यक तैयारी तथा विधि व्यवस्था संधारण को लेकर शुक्रवार देर शाम जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की।सभी घाटों पर साफ सफाई का शेष काम त्वरित गति से पूरा करने को कहा गया। सभी महत्वपूर्ण घाटों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जानी है। शहरी क्षेत्रों में संबंधित नगर निकाय के माध्यम से तथा ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित अंचलाधिकारी के माध्यम से बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

महत्वपूर्ण घाटों पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था तथा उपयुक्त पार्किंग एवं ट्रैफिक प्लान का अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।राजगीर अनुमंडल में 50 तथा हिलसा अनुमंडल में 107 महत्वपूर्ण घाट चिन्हित है। बिहार शरीफ नगर निगम क्षेत्र में 24 घाटों को नगर निगम द्वारा तैयार किया जा रहा है। जहां साफ-सफाई की कार्रवाई की जा रही है। इन सभी घाटों पर बैरिकेडिंग, रोशनी आदि की व्यवस्था समय से की जाएगी।

सभी बड़े घाटों पर महिला व्रतियों के लिए चेंजिंग रूम तथा अस्थाई शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
घाटों पर अनिवार्य रूप से नियंत्रण कक्ष स्थापित करने का निर्देश दिया गया। नियंत्रण कक्ष में पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम अनिवार्य रूप से लगाने को कहा गया ताकि किसी भी तरह की आम सूचना का त्वरित प्रसारण किया जा सके।
बड़गांव, औंगारी धाम आदि जैसे जगहों पर उपयुक्त पार्किंग की व्यवस्था तथा स्पष्ट ट्रैफिक प्लान के अनुसार चीजों को व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया गया।

सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संयुक्त रुप से सभी महत्वपूर्ण घाटों का निरीक्षण सुनिश्चित करेंगे।सभी महत्वपूर्ण घाटों पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।धनतेरस एवं दीपावली के अवसर पर भी विधि व्यवस्था हेतु सभी पदाधिकारियों, विशेष रूप से पुलिस पदाधिकारीयो को सतत चौकस रहने को कहा गया।

See also  पुराने DL को अब कहें ‘बाय’,- अब आसान से बनाएं Smart Driving License..

दिवाली के अवसर पर फायर ब्रिगेड को एकदम तैयार हालत में रखने का निर्देश दिया गया। फायर ब्रिगेड के चालकों का नंबर सभी संबंधित पदाधिकारियों को उपलब्ध रखने को कहा गया। सभी अस्पतालों को भी एलर्ट रहने का निर्देश दिया गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, जिला आपदा शाखा प्रभारी तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं सभी थाना प्रभारी जुड़े थे।

Leave a Comment